गोरखपुर। मुख्यमंत्री की ओर से राज्य कर्मचारियों को दीपावली बोनस देने की घोषणा के बावजूद गोरखपुर के लोक निर्माण विभाग,
आईटीआई समेत कई विभागों के कर्मचारियों को अब तक बोनस का भुगतान नहीं होने का मामला सामने आया है।
त्यौहार के अवसर पर बोनस की धनराशि खाते में नहीं पहुंचने से कर्मचारियों में नाराजगी और निराशा का माहौल है।
इस मामले को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी कर्मचारियों को नहीं मिला बोनस
कर्मचारी नेता अनूप कुमार श्रीवास्तव, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव और आईटीआई की विनीता सिंह सहित अन्य कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों को बताया कि
उनके विभागों में अभी तक बोनस भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। कर्मचा रियों को उम्मीद थी कि दीपावली से पहले बोनस की रकम उनके बैंक खातों में पहुंच जाएगी, जिससे वे त्योहार की तैयारियां कर सकेंगे। लेकिन भुगतान में देरी के कारण उनकी उम्मीदों को झटका लगा है।
‘मुख्यमंत्री के गृह जनपद में ही बेलगाम हुई अफसरशाही’
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में ही शासन की घोषणा और मुख्यमंत्री की मंशा के बावजूद कर्मचारियों को बोनस नहीं मिल पा रहा है।
रूपेश श्रीवास्तव ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी प्रशासनिक बाधा है, जिसके चलते बोनस भुगतान की प्रक्रिया समय से पूरी नहीं की जा सकी?
उन्होंने कहा कि सरकार ने बोनस देने की घोषणा कर कर्मचारियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की थी, लेकिन अधिकारियों की कथित लापरवाही के कारण कर्मचारी अपने हक की धनराशि से वंचित हैं।
जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन विभागों में अभी तक बोनस का भुगतान नहीं हुआ है,
वहां जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को दीपावली की खुशियों से वंचित न रहना पड़े।
अब देखना होगा कि कर्मचारी परिषद की इस नाराजगी के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी बोनस भुगतान को लेकर क्या कदम उठाते हैं।

