कर्तव्य की राह में शहीद हुए वीरों को नमन! गोरखपुर RTC में भावपूर्ण माहौल में मना पुलिस स्मृति दिवस

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। देश की सुरक्षा, संप्रभुता और कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में प्रशिक्षु प्रशिक्षण केंद्र (RTC), गोरखपुर में

पुलिस स्मृति दिवस गरिमामय एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह में अमर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशिक्षु प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर के उप महानिरीक्षक (DIG) श्री अमित कुमार ठाकुर ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी (2IC) श्री विवेक कुमार सिंह, उप कमांडेंट श्री सुजीत कुमार तथा संयुक्त अस्पताल, गोरखपुर के कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. सुमित सौरभ ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

समारोह के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई।

पूरे कार्यक्रम में देश की रक्षा और जनसेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और भावुकता का माहौल रहा।

समारोह को संबोधित करते हुए DIG अमित कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन जांबाज पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है,

जिन्होंने कर्तव्य पालन करते हुए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की। उनका त्याग और समर्पण पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को शहीदों के आदर्शों, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को आत्मसात करते हुए पूर्ण समर्पण के साथ राष्ट्रसेवा करने के लिए प्रेरित किया।

शहीदों की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए जनता की सुरक्षा और सेवा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा जाए।

कार्यक्रम में संयुक्त अस्पताल, गोरखपुर के अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक, चिकित्सा कर्मी तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे। समारोह का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ पुलिस बल में कर्तव्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *