गोरखपुर: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर ने शनिवार को अपना 7वां स्थापना दिवस शैक्षणिक गरिमा, संस्थागत गौरव और स्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्टता के नए संकल्प के साथ धूमधाम से मनाया।
समारोह में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी सेवा के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया, वहीं मेधावी एमबीबीएस विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, बुक प्राइज और गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ मेजर जनरल (डॉ.) विभा दत्ता, एसएम (सेवानिवृत्त) ने संस्थान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि
“एम्स गोरखपुर की निरंतर प्रगति सभी संकाय सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, विद्यार्थियों, नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने रोगी सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।”
एम्स गोरखपुर के अध्यक्ष एवं पद्मश्री प्रो. (डॉ.) हेमंत कुमार ने कहा कि संस्थान भारत सरकार के “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास” के विजन को साकार कर रहा है।
उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से समाज सेवा में ईमानदारी, विनम्रता और करुणा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोटवाल, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि
“एक सफल चिकित्सक बनने के लिए ज्ञान और कौशल के साथ नैतिकता तथा संवेदनशीलता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने भगवद्गीता के उद्धरणों और अपने अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया।”
इस अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को समर्पित छात्र पत्रिका “Cascade” का भी विमोचन किया गया, जिसमें परिसर जीवन, साहित्य, कला, संस्कृति और शैक्षणिक गतिविधियों की झलक प्रस्तुत की गई।
स्थापना दिवस समारोह में एमबीबीएस बैच 2023 के साक्षम रावत सबसे अधिक चर्चा में रहे। उन्हें मेरिट अवॉर्ड, कई बुक प्राइज तथा फार्माकोलॉजी में
सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर प्रतिष्ठित “प्रेम नारायण सक्सेना गोल्ड मेडल” से सम्मानित किया गया। उनकी शानदार उपलब्धियों की सभी ने सराहना की।
नकद पुरस्कार और बुक प्राइज:
समारोह में मेरिट अवॉर्ड प्राप्त प्रत्येक विद्यार्थी को ₹7,500 की नकद राशि प्रदान की गई, जबकि बुक प्राइज विजेताओं को पुस्तकों की खरीद के लिए ₹20,000 की प्रतिपूर्ति राशि दी गई।
प्रमुख पुरस्कार विजेता:
मेरिट अवॉर्ड: स्वाति कुमारी, साक्षम रावत, आयुष जैन, विशाखा अग्रवाल, अनुराग मित्रा और अभिषेक।
बुक प्राइज: पेरकर व्यंकटेश सुभाष, भाव्या श्रीवास्तव, स्वाति कुमारी, साक्षम रावत, प्रज्ञा कुमारी। गोल्ड मेडल: फार्माकोलॉजी में साक्षम रावत और पैथोलॉजी में प्रज्ञा कुमारी।
कार्यक्रम का समापन डीन अकादमिक प्रो. (डॉ.) महिमा मित्तल के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह ने एम्स गोरखपुर की सात वर्षों की उपलब्धियों के साथ भविष्य में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्रदान करने के संकल्प को नई ऊर्जा दी।


