बर्खास्तगी की तलवार लटकी, फिर भी नहीं बदलेगा सिपाही का सियासी रुख! श्याम सुंदर चौहान बोले- सपा में ही रहूंगा

business standard

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के निलंबित सिपाही श्याम सुंदर चौहान ने समाजवादी पार्टी को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने दो टूक कहा है कि वह समाजवादी पार्टी में ही बने रहेंगे, भले ही पुलिस विभाग उन्हें नौकरी से बर्खास्त क्यों न कर दे।

उनके इस बयान के बाद गोरखपुर से लेकर संतकबीरनगर तक पुलिस विभाग और सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, श्याम सुंदर चौहान गोरखपुर में डायल-112 में तैनात रहे हैं। वह 1994 बैच के सिपाही हैं और मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के नैना झाला गांव के निवासी हैं।

वर्ष 2023 में कुशीनगर से तबादले के बाद उनकी तैनाती गोरखपुर में हुई थी।

धनघटा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी

श्याम सुंदर चौहान पर आरोप है कि वह लंबे समय तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के दौरान संतकबीरनगर की धनघटा विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे रहे।

इस दौरान उनकी तस्वीरें सपा के बैनर-पोस्टर पर सामने आईं। पार्टी के कार्यक्रमों में मंच साझा करने और सोशल मीडिया पर राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी पोस्ट करने की बात भी सामने आई थी।

विभाग ने तेज की बर्खास्तगी की प्रक्रिया

लगातार गैरहाजिरी और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर पुलिस विभाग ने उन्हें पहले निलंबित किया था। मामले की विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने की खबर सामने आ चुकी है। अब पुलिस मुख्यालय की ओर से उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।

बताया जा रहा है कि उनके जवाब और जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय स्तर पर बर्खास्तगी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

नौकरी जाए तो जाए, राजनीति नहीं छोड़ेंगे!

श्याम सुंदर चौहान के ताजा रुख ने इस पूरे मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। उनका कहना है कि वह समाजवादी पार्टी में ही बने रहेंगे, चाहे विभाग उन्हें बर्खास्त कर दे। ऐसे में अब सबकी निगाहें पुलिस विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

सरकारी सेवा में रहते हुए राजनीतिक दलों की सक्रिय सदस्यता और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी को लेकर सेवा नियमों में प्रतिबंध हैं। ऐसे में यह मामला सरकारी सेवा आचरण नियमों और राजनीतिक सक्रियता के बीच एक अहम सवाल खड़ा कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *