गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में भाजपा प्रदेशभर में ‘जन चौपाल’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जन चौपाल आयोजित कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
इस प्रदेशव्यापी अभियान का शुभारंभ 19 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से करेंगे। पहली जन चौपाल गोरखपुर के कचहरी स्थित टाउनहॉल मैदान में आयोजित होगी।
मुख्यमंत्री यहां लोगों को संबोधित करने के साथ जनता से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को मिशन 2027 की दृष्टि से भाजपा के महत्वपूर्ण राजनीतिक अभियान के रूप में देखा जा रहा है।
19 नवंबर को गोरखपुर से बजेगा मिशन 2027 का बिगुल
भाजपा ने प्रदेशव्यापी जन चौपाल अभियान की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर को चुना है।
19 नवंबर को टाउनहॉल मैदान में आयोजित होने वाली पहली जन चौपाल के लिए पार्टी संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से लगभग पांच हजार लोगों की सहभागिता की संभावना जताई गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पार्टी के महानगर और क्षेत्रीय पदाधिकारी सक्रिय हो गए हैं।
प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों तक पहुंचेगी जन चौपाल
भाजपा की रणनीति के मुताबिक, यह अभियान केवल गोरखपुर तक सीमित नहीं रहेगा। इसके तहत उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जन चौपाल आयोजित की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं, क्षेत्रीय आवश्यकताओं और सरकार के कामकाज को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया जानने का प्रयास करेगी।
जन चौपाल के जरिए जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर लोगों की अपेक्षाओं को समझने पर भी जोर रहेगा।
पार्षदों से लेकर बूथ अध्यक्षों तक को मिली जिम्मेदारी
अभियान की सफलता के लिए भाजपा संगठन ने जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। इसके लिए मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों, बूथ प्रभारियों और पार्षदों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
बेनीगंज स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय और महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं से पूरी प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक का संचालन महामंत्री अच्युतानंद शाही ने किया।
भाजपा इस अभियान को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी व्यापक स्तर तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पार्टी की आईटी और सोशल मीडिया टीम को भी सक्रिय रखा जाएगा।
जन चौपाल के दौरान होने वाले कार्यक्रमों, जनता के साथ संवाद और पार्टी के संदेश को सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।
2027 के चुनाव से पहले भाजपा की बड़ी तैयारी
राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो भाजपा का जन चौपाल अभियान आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।
सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना से पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और जनता से फीडबैक लेने का प्रयास करेगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि गोरखपुर से शुरू होने वाला यह अभियान प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में कितना प्रभावी साबित होता है और जनता की स्थानीय समस्याओं को सुनने के बाद उनके समाधान की दिशा में क्या कदम उठाए जाते हैं।

