गोरखपुर। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति पूजा का महापर्व छठ पूजा पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
बिहार की सांस्कृतिक परंपरा से निकलकर छठ महापर्व आज देश के अनेक राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस पर्व में विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग भी आस्था एवं श्रद्धा के साथ सहभागिता करते नजर आते हैं।
इसी क्रम में गोरखपुर के जंगल धूषण स्थित छठ घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां छठ पूजा के अवसर पर 10 हजार से अधिक महिलाएं और उनके परिजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ एकत्रित हुए।
घाट पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र छठमय नजर आया। छठ घाट पर पूजा-अर्चना के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सेवा और सहयोग का सिलसिला भी जारी रहा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया और पर्व की खुशियां साझा कीं।
इसी क्रम में समाजसेवी के रूप में पहचान रखने वाले ईश्वर चंद चौहान भी अपने समर्थकों के साथ जंगल धूषण छठ घाट पहुंचे।
उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच चाय और अन्य प्रसाद सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर पिपराइच विधानसभा के विधायक प्रत्याशी ईश्वर चंद चौहान के साथ मुनींद्र कुमार, पुजारी राम पलट, गोपाल मद्धेशिया, रामानंद चौहान, नीरज गुप्ता, अरविंद पाठक सहित अनेक समर्थक मौजूद रहे।
छठ घाट पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ और सेवा भाव से किए गए प्रसाद वितरण ने पर्व की सामाजिक एकता, सहयोग और लोक आस्था की भावना को एक बार फिर प्रदर्शित किया।
छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भी प्रतीक है।

