भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास ऐसे वीर योद्धाओं के बलिदान और संघर्ष से भरा पड़ा है, जिन्होंने अपनी मातृभूमि, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी।
इन्हीं महान क्रांतिकारियों में एक नाम भगवान बिरसा मुंडा का है। उन्हें आदिवासी समाज में ‘धरती आबा’ यानी धरती का पिता कहा जाता है।
महज 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने ऐसा ऐतिहासिक संघर्ष किया, जिसकी गूंज आज भी देशभर में सुनाई देती है।
बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं थे, बल्कि वे आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान, संस्कृति और स्वाभिमान की बुलंद आवाज थे।
उन्होंने अंग्रेजों के शोषणकारी शासन और आदिवासियों की जमीन पर कब्जे के खिलाफ एक बड़े आंदोलन का नेतृत्व किया।
15 नवंबर 1875 को हुआ था जन्म
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातु गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम सुगना मुंडा और माता का नाम करमी हातू था। उनका परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर था।
बचपन में बिरसा भेड़-बकरियां चराते थे और बांसुरी बजाने का शौक रखते थे। हालांकि, आर्थिक परिस्थितियां कठिन थीं, लेकिन वे पढ़ाई में काफी होनहार थे।
बचपन से ही उनमें समाज के प्रति संवेदनशीलता और अन्याय के खिलाफ खड़े होने का साहस दिखाई देता था।
अंग्रेजों के अत्याचार और आदिवासियों की जमीन पर कब्जे के खिलाफ उठाई आवाज
उस दौर में अंग्रेजी शासन की नीतियों के कारण आदिवासी समुदाय की पारंपरिक जीवनशैली और अधिकारों पर गहरा असर पड़ रहा था।
जंगलों और जमीन पर उनके परंपरागत अधिकार सीमित किए जा रहे थे। वहीं, बाहरी साहूकारों, जमींदारों और शोषक तत्वों को आदिवासी समाज में ‘दीकू’ कहा जाता था।
इन परिस्थितियों में आदिवासियों को अपनी ही जमीन से बेदखली, आर्थिक शोषण और सामाजिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था।
बिरसा मुंडा ने इस अन्याय के खिलाफ आदिवासी समाज को जागरूक करना शुरू किया। उन्होंने लोगों को एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने का संदेश दिया।
‘उलगुलान’ से अंग्रेजी हुकूमत को दी खुली चुनौती दिया ।
बिरसा मुंडा के बढ़ते प्रभाव और उलगुलान आंदोलन से अंग्रेजी सरकार परेशान हो उठी थी। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अंग्रेजों ने 500 रुपये का इनाम घोषित किया था।
आखिरकार 3 फरवरी 1900 को अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें रांची जेल में रखा गया।
9 जून, 1900 को रांची जेल में महज 25 वर्ष की आयु में बिरसा मुंडा का निधन हो गया। उनके निधन से आदिवासी समाज को गहरा आघात पहुंचा, लेकिन उनके विचार और संघर्ष की विरासत आगे बढ़ती रही।
बिरसा मुंडा का जीवन भले ही छोटा रहा, लेकिन उन्होंने अपने साहस और नेतृत्व से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।
क्यों मनाया जाता है 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस?
बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को पूरे देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाई जाती है। भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उनके योगदान और देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सम्मान देने के लिए इस दिवस की शुरुआत की थी।
खास बात यह है कि 15 नवंबर, 2000 को ही झारखंड राज्य का गठन हुआ था। इस तरह यह तारीख बिरसा मुंडा की जयंती के साथ-साथ झारखंड के स्थापना दिवस के रूप में भी ऐतिहासिक महत्व रखती है।

