गोरखपुर में 29 नवंबर को सजेगा सामूहिक विवाह का भव्य मंडप, 101 बेटियों का कन्यादान करेगा सर्वसमाज

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। समाज में बेटियों के सम्मान, सामाजिक सौहार्द और जरूरतमंद परिवारों की मदद की मिसाल पेश करने के उद्देश्य से नई दिशा फाउंडेशन ने एक बड़ी पहल की है।

संस्था की ओर से आगामी 29 नवंबर 2026, रविवार को गोरखपुर में 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस आयोजन में सर्वसमाज के लोग आगे बढ़कर 101 बेटियों का कन्यादान करेंगे और उन्हें नए जीवन की शुरुआत के लिए आशीर्वाद देंगे।

बैंक रोड स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित होने वाले इस समारोह में 101 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और अग्नि के सात फेरों के साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे।

आयोजन में शहर के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, इंजीनियरों, व्यापारियों और समाजसेवियों के शामिल होने की संभावना है।

यह जानकारी नई दिशा फाउंडेशन की संस्थापिका एवं अध्यक्ष, कवयित्री और वरिष्ठ समाजसेवी सुधा मोदी ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य निर्धन, अनाथ, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन की शुरुआत का अवसर उपलब्ध कराना है।

‘कन्यादान महादान’ मुहिम से जुड़ेगा सर्वसमाज

सुधा मोदी ने कहा कि नई दिशा फाउंडेशन केवल सामूहिक विवाह का आयोजन नहीं कर रहा, बल्कि समाज के हर वर्ग को बेटियों की जिम्मेदारी निभाने के लिए एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर की नामचीन हस्तियां माता-पिता, भाई-बहन की भूमिका निभाते हुए बेटियों का कन्यादान करेंगी। सर्वसमाज के लोगों तक निमंत्रण पहुंचाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सामाजिक अभियान का हिस्सा बन सकें।

नवविवाहित जोड़ों को मिलेंगे उपहार और गृहस्थी का सामान

संस्था की अध्यक्ष ने बताया कि विवाह समारोह में सभी 101 नवविवाहित जोड़ों को कपड़े, उपहार और गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री देकर सम्मानपूर्वक विदा किया जाएगा।

आयोजन स्थल पर भव्य विवाह पंडाल तैयार किया जा रहा है। वैदिक ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में संपन्न कराई जाएंगी।

संस्था की महिला सदस्य बारातियों का स्वागत माल्यार्पण और पुष्पवर्षा से करेंगी। अतिथियों और बारातियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है, जिसमें विभिन्न प्रकार के पकवान परोसे जाएंगे।

सुधा मोदी के अनुसार, सामूहिक विवाह समारोह को लेकर संस्था के सदस्य युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटे हैं।

सभी पात्र जोड़ों की सूची तैयार कर ली गई है। आयोजन स्थल, पंडाल, खानपान, अतिथियों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस अवसर पर संस्था की ओर से ‘सामूहिक विवाह 2026’ कैलेंडर और पोस्टर का लोकार्पण भी किया गया। सुधा मोदी ने सर्वसमाज के लोगों से समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने की अपील की।

ये लोग रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता के दौरान अशोक मोदी, नवीन अग्रवाल, मंजू बाला अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, अनुपम जैन, रजनी सिंह, संजय टिबडेवाल, मंकेश्वर पांडेय, अमित भट्टाचार्य, नीलम अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा, रजनी अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *