राष्ट्रपति के नाम 30 से अधिक मांगों का खुला ऐलान! RSS पर प्रतिबंध से लेकर मुफ्त शिक्षा-इलाज तक की मांग, राजघाट पर सत्याग्रह का एलान

gorakhpur halchal

गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के सत्यपथ से 10 नवंबर 2026 को राष्ट्रपति महोदया को संबोधित एक मांगपत्र सामने आया है।

इसमें देश की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव की मांग उठाई गई है।

मांगपत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर प्रतिबंध लगाने, उसकी संपत्ति जब्त करने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सरकारी नियंत्रण में लाने तथा आम जनता को बुनियादी सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध कराने जैसी कई विवादित और महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।

मांगपत्र में कहा गया है कि भारत की पहचान संविधान और तिरंगे से है। इसमें समानता, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और जनकल्याणकारी व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही गई है।

मुफ्त शिक्षा, इलाज और रेल सुविधा की मांग

मांगपत्र में देश के गरीब और अमीर सभी नागरिकों के लिए एक समान निशुल्क विद्यालय, चिकित्सालय और रेल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

इसके अलावा आटा, चावल, दाल, तेल, दवा, हवा, पानी, शिक्षा और चिकित्सा जैसी बुनियादी जरूरतों पर GST समाप्त करने की बात कही गई है।

वृद्धजनों को 3,000 रुपये मासिक पेंशन, वंदे भारत ट्रेन का किराया मेल ट्रेन के बराबर करने तथा निजी वाहनों से टोल टैक्स समाप्त करने की मांग भी उठाई गई है।

RSS पर प्रतिबंध और संपत्ति जब्त करने की मांग

मांगपत्र का सबसे चर्चित हिस्सा RSS को लेकर है। इसमें संगठन पर प्रतिबंध लगाने और उसकी संपत्तियों एवं संसाधनों को जब्त करने की मांग की गई है।

साथ ही मंदिर-मस्जिद निर्माण पर प्रतिबंध लगाने, धार्मिक स्थलों की संपत्तियों को जब्त करने तथा मंदिरों और मस्जिदों को विद्यालय एवं चिकित्सालय में परिवर्तित करने जैसी मांगें भी रखी गई हैं।

राजनीतिक और न्यायिक व्यवस्था में बदलाव का प्रस्ताव

मांगपत्र में सांसदों और विधायकों की निधियां तथा वेतन समाप्त करने, विधायिका की सदस्यता को एक बार तक सीमित करने और न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रीय न्यायिक परीक्षा के माध्यम से कराने की मांग की गई है।

इसके अलावा न्यायपालिका में कार्यपालिका के हस्तक्षेप को समाप्त करने, निजी हाथों में बेची गई सरकारी संपत्तियों और सार्वजनिक उपक्रमों (PSU) को वापस सरकारी नियंत्रण में लेने तथा निजी विद्यालयों और चिकित्सालयों का सरकारीकरण करने की बात कही गई है।

महंगाई, कृषि और रोजगार को लेकर भी मांगें

मांगपत्र में चीनी 13 रुपये प्रति किलो, गैस सिलेंडर 300 रुपये तथा पेट्रोल-डीजल 35 रुपये प्रति लीटर करने की मांग की गई है।

उत्तर प्रदेश को चीनी उत्पादन का प्रमुख केंद्र बनाने और प्रत्येक जिले में सार्वजनिक कृषि एवं डेयरी उद्योग स्थापित करने का प्रस्ताव भी शामिल है।

इसके साथ ही कृषि योग्य भूमि का समान वितरण, हर जिले में निराश्रित बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम, बंद पड़े विद्यालयों को दोबारा खोलने और शराब की फैक्ट्रियों एवं बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।

अपने मांगपत्र में संजीव भट्ट, शरजील इमाम, उमर खालिद और मोहम्मद मुर्तजा अब्बासी की रिहाई की मांग भी शामिल है।

इसके अलावा किसी के घर पर बुलडोजर चलाने पर प्रतिबंध, सड़क पर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को नियंत्रित करने और देश में हथियारों को जब्त कर हिंसा समाप्त करने का प्रस्ताव रखा गया है।

बलात्कार और भ्रष्टाचार के मामलों में कठोरतम सजा की मांग के साथ पत्रकारों और वकीलों को सांसद-विधायकों के बराबर पेंशन देने की बात भी कही गई है।

मांगपत्र के अंत में महात्मा गांधी, सरदार पटेल, जवाहरलाल नेहरू, डॉ. भीमराव आंबेडकर, सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री और भगत सिंह सहित देश के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का उल्लेख किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *