हजरत मुबारक खां शहीद उर्स: हजारों जायरीनों के आगमन को लेकर प्रशासन से पुख्ता इंतजाम की मांग

गोरखपुर: हर वर्ष की तरह इस साल भी सूफी संत हजरत मुबारक खां शहीद रहमतुल्लाह अलैह के दरगाह पर 15, 16 और 17 अप्रैल को आयोजित होने वाले उर्स/मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

इसी क्रम में जायरीनों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित कराने के लिए मानवाधिकार संगठन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहम्मद रजी की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ पथ-प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह दरगाह सदियों से हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है, जहां प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल से भी हजारों की संख्या में जायरीन पहुंचते हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दरगाह से सटे ऐतिहासिक ईदगाह परिसर में तीन दिवसीय उर्स/मेला लगता है जिसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता भी काफी महत्वपूर्ण है।

इसी पृष्ठभूमि से प्रेरित होकर महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद ने अपनी प्रसिद्ध कहानी “ईदगाह” की रचना की थी, जिसका पात्र ‘हामिद’ आज भी लोगों के दिलों में जीवंत है।

मोहम्मद रजी ने बताया कि उर्स के दौरान पारंपरिक रूप से चादर और गागर का जुलूस भी निकाला जाता है जो विभिन्न मार्गों से होकर मजार शरीफ तक पहुंचता है। ऐसे में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करना बेहद जरूरी है।

संरक्षक डॉ. अजीज अहमद रिजवी और फिरोजुल हक ने कहा कि पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई, पेयजल और बिजली जैसी व्यवस्थाएं सराहनीय रही हैं।

हालांकि इस बार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से दमकल वाहन की तैनाती भी अनिवार्य है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

महानगर अध्यक्ष अनिल जायसवाल और उपाध्यक्ष मुशर्रफ अली ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर में लगातार विकास हो रहा है जिसका लाभ आमजन को मिल रहा है।

जबकि प्रदेश प्रवक्ता विजय श्रीवास्तव और संरक्षक सरदार जसपाल सिंह ने प्रशासन से मांग की कि उर्स से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।

इसमें सड़क मरम्मत, नालियों की नियमित सफाई, पर्याप्त पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पथ-प्रकाश, मोबाइल शौचालय और दमकल वाहन की उपलब्धता प्रमुख रूप से शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ये व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो जाती हैं, तो दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और गोरखपुर की एक सकारात्मक छवि भी सामने आएगी। इस वर्ष का उर्स भी प्रदेश सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को समर्पित रहेगा।

इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में कहा कि उर्स/मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर देना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस अवसर पर मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद रजी़, संरक्षक सरदार जसपाल सिंह, फिरोजुल हक, डॉक्टर अजीज अहमद रिजवी,

अंजुम तारीक, सुनील राय, प्रदीप चौधरी एडवोकेट, मोहम्मद अहमद एडवोकेट, सद्दाम हुसैन एडवोकेट, अशोक मिश्रा, महिला अध्यक्ष अर्शी खान, समीर इस्लाम, अभिषेक गुप्ता आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *