गोरखपुर: सिक्ख धर्म के संस्थापक सतगुरु गुरुनानक देव जी के 555 वें प्रकाश पर्व के अंतर्गत महानगर के सभी गुरुद्वारों से निकल रही सिक्ख समाज की प्रभातफेरी के संगम ने शहर की सड़कों को भक्ति के रंग में डुबो दिया.
शनिवार की अलसुबह गुरु नानक के भजनों के बीच जो बोले, सो निहाल के जयकारों की गूंज को सुनकर लोग भक्ति भाव से नतमस्तक होते रहे.
बताते चलें कि गुरुनानक देव के प्रकाशपर्व से पूर्व सिक्ख समाज में भोर वक्त कई दिनों तक प्रभातफेरी निकालने का प्रचलन है. इसी कड़ी में विगत 22 अक्टूबर से गुरुद्वारा जटाशंकर के नेतृत्व में शहर के सभी गुरुद्वारों से प्रभातफेरी निकल रही है.
शनिवार को प्रभातफेरी का अंतिम दिन था तो बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा को प्रकट किया. गुरुद्वारा जटाशंकर और मोहद्दीपुर से प्रभातफेरी प्रारंभ होकर
गुरुद्वारा पैडलेगंज साहब पहुंची, जहां प्रबंध समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह नीलू, जोगिंदर सिंह की आगवानी में भव्य स्वागत सत्कार के साथ और कीर्तन अरदास के बाद प्रसाद वितरण हुआ.
यहां से जटाशंकर, मोहद्दीपुर और पैडलेगंज की तीनों प्रभातफेरियां एक साथ मिलकर भजन बंदगी करते हुए गुरुद्वारा जटाशंकर के अध्यक्ष सरदार जसपाल सिंह के तारामंडल रोड स्थित पॉम पैराडाइज पर पहुंची जहां फूलों की वर्षा के समिति के लोगों ने श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया.
यहां एक घंटे तक गुरबाणी, कीर्तन, गायन, अरदास और समाज के प्रमुख जनों के सम्मान के साथ प्रभात फेरी कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया.
कार्यक्रम के सफल समापन पर प्रभात फेरी संयोजक जगनैन सिंह नीटू ने समस्त श्रद्धालु, सहयोगियों व सेवादारों के प्रति आभार ज्ञापित किया है.
इस अवसर पर पूर्व महापौर सत्या पाण्डेय, डॉ महेंद्र अग्रवाल, अरुण कुमार मल्ल, शैलेश त्रिपाठी, मोबाइल बाबा, लोकगायक राकेश श्रीवास्तव, डॉ दलजीत सिंह, अमरजीत सिंह, मनोज आनंद आदि प्रमुखजन सहित बड़ी संख्या में स्त्री पुरुष व बच्चे शामिल रहे.

